
फैसले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए मेरठ कचहरी परिसर को कड़े सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है। पुलिस प्रशासन किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है।
Muskan Blue Drum Case Live Updates: मेरठ के बहुचर्चित सौरभ राजपूत हत्याकांड में आज जिला जज की अदालत अपना ऐतिहासिक फैसला सुनाएगी। इस सनसनीखेज मामले में सौरभ की पत्नी मुस्कान रस्तोगी और उसका प्रेमी साहिल शुक्ला मुख्य आरोपी हैं। पिछले 13 महीनों से चल रही लंबी न्यायिक प्रक्रिया के दौरान कुल 126 पेशियां हुईं और अभियोजन पक्ष की ओर से 22 अहम गवाह अदालत में पेश किए गए। इस मामले की अंतिम बहस 17 सितंबर को पूरी हो चुकी थी, जिसके बाद से सभी की निगाहें आज के इस फैसले पर टिकी हुई हैं।मेरठ के नीले ड्रम हत्याकांड पर सुनवाई पहले ही पूरी हो चुकी है। आज अदालत सबसे पहले यह तय करेगी कि दोनों आरोपी- मुस्कान और साहिल सौरभ की हत्या के मामले में दोषी हैं या नहीं। दोष सिद्ध होने की स्थिति में सजा पर सुनवाई होगी। अभियोजन पक्ष ने जहां दोनों के लिए फांसी की मांग की है, वहीं बचाव पक्ष ने सभी आरोपों से इनकार किया है। अब देखना यह होगा कि अदालत इस बहुचर्चित हत्याकांड पर क्या फैसला सुनाती है।कब आएगा साहिल और मुस्कान की सजा पर फैसला?
कचहरी में वकीलों ने ऐसे संकेत दिए हैं कि लंच के बाद जिला जज नीले ड्रम केस पर अपना फैसला सुना सकते हैं। सबसे पहले फैसला सौरभ हत्याकांड की आरोपी मुस्कान और साहिल दोषी हैं या निर्दोष, इस पर होगा। नीला ड्रम हत्याकांड को लेकर देशभर की नजर मेरठ की निचली अदालत पर टिकी है।
सजा से पहले पूजा-पाठ में जुटी मुस्कान
मेरठ के वरिष्ठ जेल अधीक्षक ने बताया कि मुस्कान और सहिल ने अदालत को प्रार्थना पत्र लिख कर यह मांग की कि कोर्ट वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ही उनकी सजा सुनाए। चौधरी चरण सिंह जिला कारागार से ही मुस्कान और साहिल की ऑनलाइन वीडियो कॉन्फ्रेंस से पेशी होगी। सजा सुनने से पहले मुस्कान जेल में पूजा-पाठ कर रही है, जबकि साहिल ने दूसरे कैदियों से बातचीत कम कर दी है।
सौरभ के भाई ने भी दी गवाही
सौरभ के भाई ने भी अदालत में गवाही देते हुए पुरानी बातों को याद किया था। उन्होंने नम आंखों से बताया कि मुस्कान उनके भाई से अक्सर झगड़ा करती थी और आखिरकार उसने साजिश रच कर उसके भाई की हत्या कर दी। पीड़ित परिवार और रिश्तेदारों ने अदालत से न्याय की गुहार लगाते हुए दोनों आरोपियों के लिए केवल और केवल मृत्युदंड की मांग की है।
सौरभ की मां ने की फांसी की सजा की मांग
अदालत के बाहर मीडिया से बात करते हुए सौरभ राजपूत की मां का दर्द छलक उठा। बेटे की निर्मम हत्या को याद कर मां फफक-फफक कर रो पड़ीं। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि उन्हें और उनके परिवार को फांसी की सजा से कम कुछ भी मंजूर नहीं है। मां का कहना है कि मुस्कान और साहिल को मौत की सजा मिलने पर ही उनके कलेजे को ठंडक और सुकून मिलेगा।
