
मेरी पत्नी मुझे खुश नहीं रख पाती। मैं तुम्हारे साथ ही रहूंगा। ऐसी बातें बोलकर धर्मेंद्र मेरी मर्जी के बिना मेरे साथ रिलेशन बनाता था। मैं पहली बार प्रेग्नेंट भी उसी की वजह से हुई थी। अब मेरे पति भी मुझे साथ रखने को तैयार नहीं हैं। मुझे न्याय नहीं मिला, तो लखनऊ में CM आवास के सामने आत्मदाह कर लूंगी।’
यह कहना है जौनपुर की रेप पीड़िता का। होमगार्ड के प्लाटून कमांडर ने महिला के साथ 8 साल तक जबरन रिलेशन बनाए। धमकियों से परेशान होकर बुधवार (7 अक्टूबर) को महिला ने पुलिस से शिकायत की। मामला जिला मुख्यालय से 38 किमी दूर बदलापुर कोतवाली क्षेत्र का है।
सरोखनपुर का रहने वाला धर्मेंद्र शर्मा उर्फ मकरंद (44) बदलापुर में होमगार्ड प्लाटून कमांडर है। उसके परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटियां और एक बेटा है। घर के पास ही आरोप लगाने वाली महिला पति और बच्चों के साथ रहती है। महिला का आरोप है कि उसके घर की आर्थिक स्थिति बहुत खराब थी।
धर्मेंद्र ने इसी बात का फायदा उठाया। उसने पहले अपने घर पर काम दिया, फिर बातों में फंसाना शुरू कर दिया। उसने परिवार की मदद और बच्चों की परवरिश करने की भी बात कही। 8 साल तक जबरन रिलेशन बनाए। महिला ने जब पीछा छोड़ने के लिए कहा, तो पति और बच्चों को जान से मारने की धमकी दी।
