
दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के कल होने वाले प्रदर्शन को पुलिस ने मंजूरी नहीं दी। पुलिस की तरफ से कहा गया कि प्रदर्शन की जानकारी देर से दी गई।
इस बीच, नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन स्टेशन आने वाली सभी मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें कल कैंसिल रहेंगी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रेलवे ने इन ट्रेनों को उनके शुरुआती स्टेशनों से ही कैंसिल कर दिया है।
दरअसल, CJP और लेफ्ट संगठनों ने देशभर में समर्थकों को हिरासत में लेने का आरोप लगाया है। पुलिस ने प्रदर्शन से पहले 57 मेट्रो स्टेशन बंद करने और 10 डिटेंशन सेंटर बनाने का फैसला लिया है।
इससे पहले गुरुवार रात कॉकरोच जनता पार्टी ने कहा कि पुणे के छात्रों को दिल्ली जाते समय बीच रास्ते में हिरासत में लिया गया। उन्हें बस से अज्ञात जगह ले जाया गया। वहीं, CJP ने मध्य प्रदेश का एक वीडियो भी साझा किया। इसमें चलती बस में युवाओं को दिखाया गया है। एक युवक ने मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने की बात कही।
दिल्ली पुलिस की जॉइंट कमिश्नर नूपुर प्रसा ने कहा कि जंतर मंतर पर धरना-प्रदर्शन की परमिशन नहीं दी गई है। गाइडलाइन के मुताबिक, प्लान्ड प्रोटेस्ट के लिए 10 दिन पहले सूचना देनी होती है। वहां पर BNSS की धारा 163 लागू है यानी 5 लोग नहीं जुट सकते। अगर इसका पालन नहीं हुआ तो कार्रवाई होगी।
दिल्ली पुलिस होटलों और गेस्ट हाउसों में जाकर रजिस्टर चेक कर रही है। वहां ठहरे मेहमानों की आईडी और जानकारियों की बारीकी से पड़ताल हो रही है।
संदिग्ध लगने वाले मेहमानों से सीधे पूछताछ की जा रही है। खास तौर पर 8 से 11 अक्टूबर के बीच रुकने वालों के रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं।
ग्रुप में आए लोगों पर खास नजर है। खासकर 20 से 30 साल के युवाओं से पूछा जा रहा है कि वे दिल्ली किस काम से आए हैं।
अगर कमरा किसी और ने बुक कराया है और रुका कोई दूसरा है, तो ऐसे मामलों की कड़ी जांच हो रही है। होटल रजिस्टर से असली आईडी मिलाई जा रही है।
बस ऑपरेटरों और उनकी बुकिंग पर नजर रखी जा रही है, ताकि नई दिल्ली की तरफ लोगों की भीड़ को इकट्ठा होने से रोका जा सके।
रेलवे स्टेशनों और एयरपोर्ट के आसपास भी बड़े ग्रुप्स में आने वाले लोगों पर पुलिस सख्त नजर रख रही है।
