
बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर हाल ही में हुए हमले की शुरुआती जांच में एक चौंकाने वाला खुलासा है। पुलिस जांच के अनुसार, घटना को अंजाम देने वाले तीनों आरोपियों को इस हमले के बदले विदेश में नौकरी दिलाने और बड़े पैमाने पर पैसों का वादा किया गया था। इस साजिश के तार जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के गिरोह से जुड़े बताए जा रहे हैं।
50,000 रुपये का मिला एडवांस
जांचकर्ताओं से मिली जानकारी के मुताबिक, हमले को अंजाम देने के लिए तीनों आरोपियों, ऋतिक उर्फ रोशन (22), रेहान (18) और फूल सिंह (18), को एडवांस के तौर पर कुल 50 हजार रुपये दिए गए थे। शूटर्स से यह भी वादा किया गया था कि वारदात को सफलता से अंजाम देने के बाद उन्हें अतिरिक्त बड़ी रकम दी जाएगी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी पैसों के लेन-देन को छुपाने के लिए छोटी-छोटी किश्तों में भुगतान कर रहे थे। एक अज्ञात हैंडलर ने इनमें से एक आरोपी से संपर्क किया था और उसे पैसों व विदेश में सेटल कराने का लालच देकर तैयार किया था।
पुलिस फिलहाल इस मुख्य हैंडलर और उसके अन्य सहयोगियों की भूमिका की गहनता से पड़ताल कर रही है।
नेपाल भागने का था प्लान
घटना वाले दिन दो हमलावरों ने टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जबकि उनका तीसरा साथी कुछ दूरी पर मोटरसाइकिल स्टार्ट रखकर इंतजार कर रहा था। गोलियां चलाने के बाद तीनों आरोपी एक ही बाइक पर सवार होकर फरार हो गए।
आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए अंधेरी वेस्ट रेलवे स्टेशन के पास अपनी बाइक छोड़ दी और फिर जयपुर जाने वाली ट्रेन में सवार हो गए। उनका मकसद भारत छोड़कर नेपाल भागने का था, जहां से वे विदेश जाने की योजना बना रहे थे।
लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी
हमले की कोशिश के तुरंत बाद सोशल मीडिया पर एक ऑडियो क्लिप वायरल हुआ। क्लिप में खुद को अनिल पंडित बताने वाले एक व्यक्ति ने कहा, मैं अनिल पंडित हूं। मैं लॉरेंस बिश्नोई के छोटे भाई जैसा हूं। आज टाइगर श्रॉफ के साथ जो हुआ, उसकी जिम्मेदारी हम लेते हैं, हरमन संधू और मैं।
उसने ऑडियो में आगे दावा किया कि टाइगर श्रॉफ को पहले समझाने की कोशिश की गई थी, लेकिन वह नहीं समझे। इसके साथ ही उसने बॉलीवुड को सीधी चेतावनी देते हुए कहा, पूरी फिल्म इंडस्ट्री में, जो कोई भी हमारे साथ जुड़े बिना काम करेगा या सलमान खान के साथ काम करेगा, उसे मार दिया जाएगा। यह पहली और आखिरी चेतावनी है। हालांकि, ऑडियो की अभी तक पुष्टि नहीं हो पाई है।
#tigershroff
