
हत्यारोपी मॉडल श्रद्धा करेगी सरेंडर, विधायक और अफसर की मदद से लखनऊ कोर्ट में डाली अर्जी; 9 दिनों से फरार, पुलिस की 10 टीमें पकड़ने में नाकाम, ₹25 हजार का इनाम घोषित!
लखनऊ के शिवा शर्मा हत्याकांड की मुख्य आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे सरेंडर कर सकती है। उसने जिला कोर्ट में आत्मसमर्पण के लिए अर्जी दाखिल की है। वह 9 दिनों से फरार है। पुलिस की 10 टीमें श्रद्धा, उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर दानिश को तलाश रही थीं। तीनों पर 25-25 हजार रुपए का इनाम घोषित है और गैर-जमानती वारंट भी जारी हो चुका है।
9 अक्टूबर को करोड़पति कारोबारी शिवा शर्मा के अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से संदिग्ध परिस्थितियों में गिरने के बाद से श्रद्धा फरार थी। दावा है कि वह लखनऊ से सीतापुर होते हुए बहराइच के रास्ते नेपाल पहुंच गई थी। पुलिस उसकी सटीक लोकेशन नहीं तलाश सकी।
वह अपनी बहन और दोस्त के साथ पुलिस को चकमा दे रही है। नेपाल में वह लगातार अपनी लोकेशन बदल रही है। अब श्रद्धा ने खुद लखनऊ कोर्ट में सरेंडर की अर्जी दाखिल की है। उसके कथित सफेदपोश और नौकरशाह मददगारों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
इस बीच, फरारी के दौरान ही श्रद्धा ने 3 वीडियो जारी किए और घटना की रात की पूरी कहानी बताई। उसने कहा- “मैं भागी नहीं हूं। शिवा ने सुसाइड किया है। मैं सच बताना चाहती हूं।” शिवा के भी 2 वीडियो सामने आए हैं, जो उसकी मौत से पहले के हैं। वीडियो में एक महिला शिवा को धमका रही है।
दरअसल, फरारी के दौरान हत्यारोपी मॉडल श्रद्धा दुबे ने 12 घंटे के भीतर 3 वीडियो जारी किए। इन वीडियोज में उसने खुद को निर्दोष बताने के साथ किसी भी साजिश से इनकार किया। उसने दावा किया कि शिवा काफी कर्ज में था और उसने सुसाइड किया।
श्रद्धा के मुताबिक, 7 अक्टूबर को शिवा ने कपूरथला मेन चौराहे पर स्थित चाय की दुकान से उसके ड्राइवर को कॉल करवाया। इस दुकान पर दोनों अक्सर चाय पीने जाते थे। कॉल के दौरान शिवा रो रहा था। इसके बाद श्रद्धा ने अपने नंबर से उसे दो बार कॉल किया, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया।
रात करीब 2 बजे शिवा का फिर फोन आया। उसने रोने की वजह पूछी तो शिवा ने उससे उसकी लोकेशन पूछी। लोकेशन बताने पर शिवा अपनी BMW कार से उससे मिलने पहुंचा। दोनों ने बातचीत की। श्रद्धा के मुताबिक, शिवा ने बीयर पी रखी थी। इसके बाद दोनों एक कैफे गए। वहां शिवा ने श्रद्धा की कार ली और उसके ड्राइवर ने शिवा की कार चलाई। फिर शिवा, श्रद्धा के साथ उसके घर आया।
SOURC tNI
