
मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस और विपक्ष का हमला तेज हो रहा है। दिल्ली के जंतर-मंतर और यूपी में निर्वाचन आयोग पर विरोध प्रदर्शन के बाद अब ज्ञानेश कुमार का विरोध उनके आगरा स्थित घर तक पहुंच गया है।
आपको बता दें, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर यूपी में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए हैं। आगरा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ज्ञानेश कुमार के घर पर कालिख पोती और लिखा- ‘ज्ञानेश कुमार गद्दार, वोट चोर’।
लखनऊ में चुनाव आयोग कार्यालय का घेराव करने जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोका तो वे भिड़ गए। कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर चढ़ गए। जमकर धक्का-मुक्की हुई। पुलिसकर्मियों ने हटाने की कोशिश की तो कार्यकर्ता सड़क पर लेट गए। पुलिसवालों ने उन्हें टांगकर वैन-बस में बैठाया और ईको गार्डन ले गए।
वहीं, काशी में कांग्रेसियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त के पोस्टर को जूतों से पीटा। महिला कार्यकर्ताओं ने चूड़ियां लेकर प्रदर्शन किया।
सोमवार को कांग्रेस ने आगरा के विजय नगर कॉलोनी में स्थित ज्ञानेश कुमार के पैतृक आवास पर उग्र प्रदर्शन किया। घर की दीवारों और गेट पर कालिख पोत दी और वोट चोर के साथ उनका नाम लिखते हुए गद्दार भी लिख दिया। वहीं, जिला मुख्यालयों पर भी कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया है। लखनऊ में कांग्रेस ने पैदल मार्च निकाला और जबरदस्त विरोध प्रदर्शन किया।
अंग्रेजी अखबार इंडियन एक्सप्रेस में ज्ञानेश कुमार को लेकर छपी रिपोर्ट के बाद से ही कांग्रेस पूरे देश में उनके खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रही है। कांग्रेस और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने खुद मोर्चा खोला हुआ है। दो दिन पहले लखनऊ स्थित निर्वाचन कार्यालय पर भी कांग्रेस ने ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन किया था। इस दौरान खुद यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय भी मौजूद रहे।
