
गोरखपुर में भाजपा पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी एवं सांसद रविकिशन शुक्ला के बीच फोन पर बातचीत के दौरान हुआ विवाद अब दिल्ली में भाजपा के बड़े नेताओं तक पहुंच गया है। इसके साथ ही इसकी गूंज लखनऊ में बैठे सपा प्रमुख अखिलेश यादव के कानों तक भी पहुंची। उधर, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव व उत्तर प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े ने फोन कर पार्षद को दिल्ली बुलाया है। दूसरी ओर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने इस विवाद पर कहा कि वह (विश्वजीत) पार्टी का मेंबर बनेगा और सपा की सरकार बनेगी।
शनिवार की शाम को गोरखपुर में भारी वर्षा हुई थी। जिसके बाद शहर के अधिकांश हिस्सों में जलभराव हो गया था। इससे लोगों को काफी परेशानी हुई। तारामंडल से पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी ने सांसद रविकिशन को फोन लगाया था। बातचीत के दौरान उन्होंने तरकुलानी रेगुलेटर व पॉम पैराडाइज के पास का रेगुलेटर खोलवाने को कहा था। बातचीत के दौरान सांसद ने उनसे कहा कि ‘सपा जवाइन कर लेहला का?’ इस बात पर नाराज पार्षद ने सांसद से पूछ लिया कि ‘आपने बसपा जवाइन कर लिया क्या?’ बातचीत का यह ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा। इसके पक्ष में और विपक्ष में पोस्ट किए जा रहे हैं।
वीडियो वायरल होने के बाद यह मामला दिल्ली तक पहुंच गया। इसका संज्ञान उत्तर प्रदेश के प्रभारी विनोद तावड़े ने लिया है। भाजपा सूत्रों की मानें तो दोनों पक्षों से इस मामले में बात भी की गई है। कल रात ही जलभराव का निरीक्षण करने के दौरान सांसद ने इशारों में कहा था कि यह राजनीति करने का समय नहीं है। जनता की परेशानी दूर करने का है। माना जा रहा है कि उनका इशारा बातचीत का वीडियो वायरल होने की ओर था। रविवार की रात दैनिक भास्कर से बातचीत में पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी ने यह स्वीकार किया कि उनके पास उत्तर प्रदेश के प्रभारी विनोद तावड़े का फोन आया था। उन्होंने पूरे मामले के बारे में पूछा है। पार्षद के अनुसार उन्होंने पूरा वाकया बता दिया है। अब उन्हें दिल्ली मिलने के लिए बुलाया गया है। पार्षद का कहना है कि वार्ड में स्थिति सामान्य होने के बाद वह दिल्ली जाएंगे।
रविवार को सपा प्रमुख अखिलेश यादव कार्यकर्ताओं से बातचीत कर रहे थे। इसी बीच किसी ने गोरखपुर की इस घटना के बारे में जानकारी दी। सपा प्रमुख को बताया गया कि गोरखपुर के भाजपा पार्षद ने जब सांसद से जनता की समस्या पर बात की तो सांसद ने कहा कि सपाई की तरह क्यों बात कर रहे हो? इस पर अखिलेश यादव ने कहा कि वह सपाई हो जाएगा। वह मेंबर बनेगा और प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी।
