
दिल्ली के कालकाजी मंदिर के पास 17 साल की नाबालिग से गैंगरे*प का मामला सामने आया है। घटना सोमवार शाम की है। पुलिस ने मंगलवार सुबह एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। घटनास्थल पर एक बाइक और पिस्टल भी दिखी।
पुलिस के मुताबिक, नाबालिग अपने 17 साल के दोस्त के साथ मंदिर में दर्शन के लिए गई थी। इसके बाद दोनों आस्था कुंज पार्क पहुंचे। वहां तीन युवकों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर उन्हें धमकाया और नाबालिग का यौन शोषण किया।
दिल्ली में इस महीने नाबालिग से रेप का यह तीसरा मामला है। 12 सितंबर को स्वरूप नगर में 14 साल की नाबालिग की गैंगरेप के बाद हत्या कर दी गई थी। 16 सितंबर को सदर बाजार में 10 साल की बच्ची का रे*प हुआ था।
पुलिस के मुताबिक, नाबालिग ने बताया कि वह सोमवार शाम करीब 7 बजे अपने दोस्त के साथ कालकाजी मंदिर पहुंची थी। दर्शन के बाद दोनों करीब 7:30 बजे मंदिर के पास पार्क में गए।
इसी दौरान 25 से 30 साल की उम्र के तीन युवक वहां पहुंचे और खुद को पुलिसकर्मी बताया। आरोप है कि उन्होंने दोनों को धमकाया और नाबालिग से रे*प किया। पीड़ित के मुताबिक, आरोपियों ने उसके दोस्त को पकड़ रखा था।
दिल्ली पुलिस को रात करीब 8:45 बजे PCR कॉल के जरिए कालकाजी मंदिर और इस्कॉन मंदिर के पास गैंगरे*प की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार सुबह एक आरोपी को शॉर्ट एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया गया। पुलिस बाकी दो आरोपियों की तलाश कर रही है।
पुलिस पार्क और आसपास के इलाकों की CCTV फुटेज खंगाल रही है। इसके अलावा घटना के समय पार्क या उसके आसपास मौजूद लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने POCSO एक्ट समेत संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है।
NCRB के मुताबिक, 2024 में दिल्ली में POCSO के 1,553 केस दर्ज हुए। यानी औसतन हर दिन 4 से ज्यादा मामले सामने आए। 2025 की रिपोर्ट अभी जारी नहीं हुई है। REPORT TNI
