
बिहार के जमुई में 10वीं की छात्रा के साथ बदसलूकी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ युवक लड़की के साथ अश्लील हरकत करते नजर आ रहे हैं।
किसी ने प्राइवेट पार्ट को छुआ, तो कोई गंदे तरीके से गोद में उठाता दिख रहा है। लड़की को घसीटा भी गया है।
सोशल मीडिया पर दो वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई है। जानकारी के मुताबिक, घटना शनिवार शाम (19 सितंबर) की है। दोनों नाबालिग 10वीं कक्षा के छात्र-छात्रा हैं और जमुई शहर के रहने वाले हैं।
शनिवार को कोचिंग के बाद दोनों स्कूटी से मड़वा पहाड़ घूमने गए थे। लौटते समय कुछ युवकों ने उन्हें सड़क पर रोक लिया। इस दौरान उनके साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया गया। इसी दौरान किसी ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया।
पहले वीडियो में कुछ युवक सड़क पर लड़की को रोकते हैं। वे उसके शरीर को टच करते हुए उससे पूछते हैं- कहां घर है, नाम क्या है? लड़की उनके सवालों का जवाब देती है।
इसी दौरान लड़की के साथ आए लड़के को कुछ युवक उससे अलग कर देते हैं। लड़का वहां से अलग दिखाई देता है, जबकि युवक लड़की को घेरे रहते हैं।
इसके बाद कुछ युवक लड़की के प्राइवेट पार्ट के साथ छेड़खानी करते हैं और उसे सड़क पर घसीटते हैं। लड़की को काफी देर तक इसी तरह घसीटा जाता है।
इस दौरान कुछ युवक उसे बचाने के लिए आगे आते हैं और लड़की को उनसे छुड़ाते हैं। लेकिन थोड़ी देर बाद कुछ दूसरे युवक फिर लड़की को पकड़ लेते हैं। इसके बाद दोबारा उसके साथ छेड़खानी और घसीटने का सिलसिला शुरू हो जाता है।
वीडियो में बार-बार कुछ युवक लड़की को पकड़ते और कुछ उसे छुड़ाने की कोशिश करते दिखाई देते हैं। यह पूरा घटनाक्रम करीब 20 मिनट तक चलने की बात सामने आ रही है।
हालांकि इससे जुड़े जुड़े दो वीडियो करीब 1 मिनट 2 सेकंड का और दूसरा करीब 35 सेकंड का है।
इसके बाद दूसरा वीडियो सामने आता है। इसमें कुछ युवक लड़की को फिर रोककर उससे सवाल करते दिखाई देते हैं। वे उससे पूछते हैं- बैग में क्या है? सवाल पूछने के दौरान भी युवक लड़की को गलत तरीके से टच करते रहते हैं।
लड़की उनसे बार-बार छोड़ने की गुहार लगाती है। वह कहती है- “बैग में कॉपी-किताब है, प्लीज भैया, हम लोग बच्चे हैं, छोड़ दीजिए।”
इसके बाद कुछ युवक लड़की को जाने के लिए रास्ता देते हैं। वीडियो में लड़की वहां से निकलती दिखाई देती है। दोनों वीडियो में लड़की और उसके साथ मौजूद लड़के को अलग-अलग समय पर युवकों के बीच घिरा हुआ देखा जा सकता है।
