
महराजगंज के पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के समरधीरा गांव में गुरुवार देर रात विवाद के बाद 20 वर्षीय युवक की कनपटी पर सटाकर गोली मार दी गई। मधुकरपुर महादेव निवासी जीशान पुत्र यूसुफ उर्फ बंगाली गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में उसकी मौत हो गई।
परिजनों के मुताबिक, जीशान देर रात किसी काम से समरधीरा चौराहे पर गया था। इसी दौरान दो युवकों से उसका विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने उसकी कनपटी पर तमंचा सटाकर गोली मार दी। गोली लगते ही जीशान सड़क पर गिर पड़ा।
गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना पुलिस व परिजनों को दी। पुलिस घायल जीशान को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटी ले गई। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
वारदात के बाद इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। देर रात दो नामजद आरोपियों समेत तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल तमंचा भी बरामद करने का दावा किया है।
पुरंदरपुर प्रभारी निरीक्षक गौरव राय कनौजिया ने बताया कि युवक की गोली लगने से मौत हुई है। परिजनों की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। हिरासत में लिए गए तीनों लोगों से पूछताछ चल रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा।
