
शामली के रहने वाले आयुष मलिक ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के सामने अपनी मर्जी से इस्लाम अपनाने की बात कही है। आयुष ने अपनी गर्लफ्रेंड चांदनी कुरैशी के साथ शादी करने की इच्छा भी जताई। कोर्ट ने आयुष को इसकी अनुमति देते हुए कहा- बालिग व्यक्ति के धर्म, निवास और जीवनसाथी की पसंद से जुड़े फैसलों पर केवल पारिवारिक असहमति के आधार पर रोक नहीं लगाई जा सकती।
आयुष के पिता शहर के बड़े दवा कारोबारी हैं। आयुष की टोपी पहनकर नमाज पढ़ने की फोटो वायरल हुई थी। इसके बाद हिंदू संगठनों ने इसका विरोध किया था। आयुष के पिता ने चांदनी कुरैशी पर जबरन धर्मांतरण कराने का आरोप लगाया था। पुलिस ने चांदनी और उसके पिता समेत कई लोगों को जेल भी भेजा था।
आपको बता दें, योग साधना आश्रम के महंत स्वामी यशवीर ने एक वीडियो जारी किया। उन्होंने बताया- भारत मेडिकल स्टोर के मालिक के इकलौते बेटे को चांदनी कुरैशी ने फंसा लिया है। दबाव में आकर पूरे परिवार ने धर्म बदल लिया है। मामला सामने आने के बाद हिंदू संगठनों ने विरोध शुरू कर दिया, चांदनी के घर पर धरने की धमकी दी।
मामले में पुलिस ने चांदनी कुरैशी, उनके पिता इस्लाम कुरैशी और तीन मौलवियों समेत 8 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई थी। 7 जून को पुलिस ने चांदनी कुरैशी और उनके पिता समेत 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। डेढ़ महीने तक न्यायिक हिरासत में रहने के बाद 24 जुलाई को कोर्ट ने पिता-बेटी को जमानत मिली थी।
करीब 15 दिन बाद ही आयुष ने एक वीडियो जारी किया। उसने कहा- मां आपकी परेशानी को देखते हुए मैं अपनी मर्जी से अपने मूल धर्म, हिंदू धर्म में वापस आ गया हूं। आप लोग मुझे माफ करना।
9 सितंबर को आयुष के दोस्त मोहम्मद सुल्तान ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में याचिका दायर की। उसने आरोप लगाया कि आयुष को जबरन घर में कैद करके रखा जा रहा है। कोर्ट ने आयुष के पिता को 16 सितंबर को कोर्ट में पेश करने का आदेश दिया।
कोर्ट ने कहा- आयुष मलिक बालिग है। अपने जीवन से जुड़े फैसले खुद लेने में पूरी तरह सक्षम है। उसे बिना किसी दबाव, धमकी के अपनी इच्छा से धर्म परिवर्तन किया है। चांदनी कुरैशी से शादी करने का फैसला लिया है।
Report BEURO